Last Updated on August 4, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत Claim & Objection तथा Notice & Verification से संबंधित प्रक्रियाओं के सफल एवं त्रुटिरहित निष्पादन को लेकर आज सभी बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के स्तर पर आयोजित किया गया।
गिरिडीह प्रखंड में आयोजित प्रशिक्षण में अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार तथा अंचलाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद ने उपस्थित सभी BLO को विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान BLO को दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया, Notice & Verification, निर्धारित प्रपत्रों का सही उपयोग, पात्र एवं अपात्र दावों की जांच, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन, समयबद्ध निष्पादन, अभिलेखों के संधारण तथा ऑनलाइन प्रविष्टि से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।


इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में BLO की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का निष्पक्ष, तथ्यों पर आधारित एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार निष्पादन किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित BLO के सवालों/समस्याओं का समाधान करते हुए विभिन्न व्यावहारिक परिस्थितियों पर आधारित उदाहरणों के माध्यम से दावा एवं आपत्ति के निष्पादन, नोटिस निर्गत करने, क्षेत्रीय सत्यापन तथा रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया।
वहीं अंचलाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद ने सभी BLO से निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के कार्यों को पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपादित करने का निर्देश दिया।




