Last Updated on August 3, 2026 by Gopi Krishna Verma
गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को समयबद्ध लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता: डीडीसी

गिरिडीह। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रखंडवार प्रगति, लाभुकों के पंजीकरण, आधार सीडिंग, एनपीसीआई मैपिंग, फेस ऑथेंटिकेशन, सत्यापन, स्वीकृति, भुगतान की स्थिति एवं लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा में यह भी पाया गया कि जिले में योजना के तहत प्रगति में निरंतर सुधार हुआ है तथा जुलाई माह की तुलना में अगस्त माह तक लाभुकों के नामांकन एवं स्वीकृत मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु सभी प्रखंडों को और अधिक सक्रियता एवं गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षित मातृत्व को सुनिश्चित करने वाली केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इस योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, आधार एवं बैंक खाते की सीडिंग, एनपीसीआई मैपिंग, फेस ऑथेंटिकेशन तथा अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए ताकि किसी भी पात्र महिला को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े। समीक्षा के दौरान सभी प्रखंडों की प्रगति का तुलनात्मक विश्लेषण करते हुए अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले प्रखंडों को विशेष अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग, सतत फील्ड फॉलोअप एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अधिक-से-अधिक पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने पर बल दिया गया।

उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता बनाए रखें तथा प्रत्येक पात्र लाभुक को समयबद्ध रूप से योजना का लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में सहायक समाहर्त यश कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर सहित विभाग से जुड़े सभी संबंधित पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।




