बोकारो स्टील प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगी पूर्व सैनिकों की एजेंसी
Last Updated on November 11, 2026 by Gopi Krishna Verma
टाउनशिप की सुरक्षा, अतिक्रमण रोकने और संपत्तियों की सुरक्षा के लिए बीएसएल ने मांगा एजेंसियों से प्रस्ताव, 19 नवंबर तक होगा आवेदन

Vacancy। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) ने अपनी टाउनशिप की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में पहल की है। इसके तहत प्लांट प्रबंधन ने पूर्व सैनिकों के नेतृत्व वाली पेशेवर सुरक्षा एजेंसियों को नियुक्त करने के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किया है। इस संबंध में बीएसएल की ओर से 10 नवंबर 2026 को आधिकारिक सूचना जारी की गई है।

जारी सूचना के अनुसार, चयनित एजेंसी को बोकारो स्टील टाउनशिप की सुरक्षा, अतिक्रमण रोकने, प्लांट की संपत्तियों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके लिए प्रतिष्ठित, आर्थिक रूप से सक्षम और पेशेवर तरीके से संचालित ऐसी सुरक्षा एजेंसियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं, जो निजी सुरक्षा एजेंसी विनियमन अधिनियम (पीएसएआरए) के तहत पंजीकृत हों।

एजेंसी का चयन प्रदर्शन आधारित सर्विस लेवल एग्रीमेंट (एसएलए) और प्रमुख प्रदर्शन सूचकांक (केपीआई) के आधार पर किया जाएगा। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था का कमान और प्रशासनिक नियंत्रण बीएसएल के सुरक्षा विभाग के पास रहेगा, जो सीजीएम (टाउन एडमिनिस्ट्रेशन) के अधीन कार्य करेगा।

इच्छुक एजेंसियां 19 नवंबर 2026 को शाम 5:30 बजे तक ई-मेल अथवा हार्ड कॉपी के माध्यम से अपना प्रस्ताव जमा कर सकती हैं। इसके बाद 21 नवंबर को सुबह 10:30 बजे प्रशासनिक भवन स्थित समिति कक्ष में प्रस्तुतीकरण होगा। विस्तृत जानकारी सेल की वेबसाइट sailtenders.co.in पर उपलब्ध है।
