Last Updated on September 22, 2026 by Gopi Krishna Verma

देवरी (गिरिडीह)। देवरी थाना क्षेत्र के गादिदिघी पंचायत अंतर्गत धनुकडीह गांव में सोमवार शाम करीब छह बजे हुए वज्रपात से एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के दौरान अपने घर के दरवाजे पर खड़ी 17 वर्षीय छात्रा पूनम कुमारी इसकी चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही वह मूर्छित होकर गिर पड़ी। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका गांव के किसान मंटू राय की पुत्री थी तथा प्लस टू राज्य संपोषित उच्च विद्यालय सांखो में इंटरमीडिएट की छात्रा थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान पूनम अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी, तभी अचानक कड़क के साथ गाज गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से वह अचेत होकर गिर पड़ी। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद घटना की खबर फैलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे धनुकडीह गांव में शोक एवं मातम का माहौल छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




