Last Updated on September 22, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह/बेंगाबाद: बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घुठिया गांव में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 21 वर्षीय विवाहित युवक रोहित तुरी ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जहां एक तरफ परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं दूसरी तरफ इलाज में देरी और अस्पताल में चिकित्सक के मौजूद न रहने पर परिजनों व ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
कमरे में पंखे के सहारे लगाया फंदा
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम रोहित तुरी ने अपने घर के कमरे में सिलिंग फैन के सहारे रस्सी का फंदा बनाया और उस पर झूल गया। कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर कमरे में पड़ी, तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से फंदे को काटकर रोहित को नीचे उतारा और तुरंत उसे बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए।
अस्पताल में डॉक्टर के न होने पर हंगामा
परिजनों का आरोप है कि जब वे बेहद गंभीर हालत में युवक को लेकर बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, तो वहां कोई भी ड्यूटी चिकित्सक मौजूद नहीं था। जीवन और मौत के बीच जूझ रहे युवक को तुरंत इलाज न मिलने से परिजन और साथ आए ग्रामीण उग्र हो गए और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलते ही डॉक्टर अस्पताल पहुंचे और आनन-फानन में युवक की स्वास्थ्य जांच की। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और चिकित्सक ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की घोषणा के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अस्पताल में बढ़ते तनाव और हंगामे की खबर मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पीछे छोड़ गया मासूम बच्चा, आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं
मृतक रोहित तुरी 21 वर्ष का था और शादीशुदा था। वह अपने पीछे पत्नी के अलावा एक मासूम बच्चे को छोड़ गया है। इस असमय मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ पाया है। बेंगाबाद पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।




