मदीना ट्रैवल्स संचालक पर मारपीट कर हत्या का आरोप, खोरीमहुआ चौक पर शव रख ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

0

Last Updated on November 5, 2026 by Gopi Krishna Verma

एक नज़र:

  • उमराह यात्रा में फंसे माता-पिता का हाल जानने पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत, क्षेत्र में तनाव
  • परिजनों ने लगाया ट्रैवल्स संचालक व उसके सहयोगियों पर गला दबाकर और सिर पटककर हत्या करने का आरोप
  • आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन, एसपी ने की शांति बनाए रखने और कार्रवाई की अपील

गिरिडीह। धनवार थाना क्षेत्र के खोरीमहुआ में उमराह यात्रा के दौरान सऊदी अरब में फंसे माता-पिता की परेशानी दूर कराने पहुंचे युवक मो. हैदर अली (हैदर अंसारी) की कथित मारपीट में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतक के परिजनों ने मदीना ट्रैवल्स के संचालक मो. इलियास अंसारी और उसके सहयोगियों पर हैदर की मारपीट कर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है।

30 हजार देने के बाद भी नहीं मिली थी संतोषजनक जानकारी परिजनों के अनुसार, बीते 28 सितंबर को हैदर के माता-पिता करीब 200 लोगों के जत्थे के साथ उमराह के लिए सऊदी अरब गए थे। आरोप है कि इनमें से करीब 60 यात्री वहीं फंस गए, जिन्हें छोड़कर ट्रैवल्स संचालक वापस लौट आया। माता-पिता की परेशानी की जानकारी मिलने पर हैदर ने संचालक को 30 हजार रुपये भी दिए थे। इसके बावजूद कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर वह अपने मौसेरे भाई इसराफिल अंसारी के साथ संचालक के घर पहुंचा था।

मदरसे में चप्पल पहनने से शुरू हुआ विवाद, मारपीट में गई जान मौके पर मौजूद इसराफिल अंसारी के मुताबिक, विवाद मदरसे में चप्पल पहनकर प्रवेश करने को लेकर शुरू हुआ। इसके बाद बैंक के समीप ले जाकर इलियास अंसारी और उसके सहयोगियों ने हैदर के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हैदर का गला दबाया गया और उसका सिर बुलेट मोटरसाइकिल पर दे मारा गया। इसराफिल ने बताया कि जब उसने हैदर को गोद में उठाया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन, लगा भारी जाम घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव के साथ धनवार थाना पहुंचे और उसके बाद खोरीमहुआ चौक पर मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हैं।

घटना स्थल पर मौजूद घोड्थम्भा के जिला परिषद प्रतिनिधि सिराज अंसारी, पिंडरसोत पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अजीत कुमार और झामुमो नेता मुस्लिम अंसारी ने भी पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ ग्रामीणों के अनुसार, मृतक हैदर अली अपने पीछे पत्नी (जो गांडेय के कस्तूरबा विद्यालय में शिक्षिका हैं) और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक मौके पर सड़क जाम की स्थिति बनी हुई थी।

कानूनी कार्रवाई होगी, सहयोग करें: एसपी मामले पर गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि सड़क जाम करना किसी समस्या का हल नहीं है। यदि हत्या हुई है तो पुलिस प्रशासन नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगा और आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से सड़क जाम हटाने और मामला दर्ज कराकर पुलिस का सहयोग करने की अपील की है, ताकि जांच को तेजी से पूरा किया जा सके।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed