Last Updated on August 5, 2026 by Gopi Krishna Verma
सुनील खंडेलवाल ने आवश्यक कार्रवाई हेतु डाक विभाग को भेजा पत्र

गिरिडीह। गिरिडीह प्रधान डाकघर से स्पीड पोस्ट एवं अन्य डाक सेवाओं के दौरान लगातार अपठनीय (Unreadable) रसीदें जारी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में सुनील खंडेलवाल के द्वारा पूर्व में लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर पुनः सक्षम प्राधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायत में कहा गया है कि अपठनीय रसीदों के कारण आर्टिकल नंबर, प्राप्तकर्ता का विवरण तथा अन्य आवश्यक सूचनाएँ स्पष्ट रूप से पढ़ी नहीं जातीं, जिससे ट्रैकिंग, शिकायत एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में उपभोक्ताओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति डाक विभाग की सेवा गुणवत्ता एवं उपभोक्ता हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।

शिकायत में गिरिडीह प्रधान डाकघर में प्रयुक्त दोषपूर्ण प्रिंटर को तत्काल बदलकर नई प्रिंटिंग मशीन स्थापित करने, भविष्य में स्पष्ट एवं पठनीय रसीद जारी करने तथा इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त मामले पर आवश्यक कार्रवाई करने हेतु शिकायत को डाकघर अधीक्षक, गिरिडीह प्रमंडल राजेश पाठक के पास अग्रेषित कर दिया गया है। अब यह अपेक्षा की जा रही है कि मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी डाक सेवाएँ उपलब्ध हो सकें।




