Last Updated on July 31, 2026 by Gopi Krishna Verma
साइबर जागरूकता एवं बाल संरक्षण, कार्यशाला का आयोजन

गिरिडीह। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), जमुआ में आज जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ (BBBP) अभियान के अंतर्गत पौधारोपण, साइबर जागरूकता एवं बाल संरक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम के साथ की गई। इस दौरान छात्राओं एवं उपस्थित अधिकारियों ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी को पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार एक पौधे का संरक्षण आवश्यक है, उसी प्रकार प्रत्येक बालिका की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।इसके पश्चात आयोजित साइबर जागरूकता कार्यशाला में छात्राओं को साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया का दुरुपयोग, साइबर बुलिंग एवं ओटीपी साझा करने जैसी गलतियों से बचने के उपाय बताए गए।

साथ ही मजबूत पासवर्ड का उपयोग, निजी जानकारी को सुरक्षित रखने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में 1930 साइबर हेल्पलाइन एवं [www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।कार्यशाला में बाल विवाह, बाल मजदूरी, मानव तस्करी (ट्रैफिकिंग), बाल अधिकार एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई। छात्राओं को इन सामाजिक अपराधों के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा छात्राओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं अन्य महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह से बिक्कु कुमार यादव, विकास कुमार एवं नीलम मंडल ओर अर्चना कुमारी उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, बाल विवाह, बाल मजदूरी एवं मानव तस्करी जैसी कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना संबंधित विभाग को देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पौधों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, साइबर अपराध से बचाव, बाल विवाह एवं बाल मजदूरी उन्मूलन, मानव तस्करी की रोकथाम तथा बालिका सशक्तिकरण का सामूहिक संकल्प लिया।




