Last Updated on July 31, 2026 by Gopi Krishna Verma
05 अगस्त से मिलेगा दावा एवं आपत्ति का अवसर, पात्र मतदाता घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 से जुड़वा सकेंगे अपना नाम

गिरिडीह। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी 05 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में आमजन को व्यापक रूप से जागरूक करने हेतु आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों-सह-उपायुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 05 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर राज्यभर में एक विशेष सोशल मीडिया जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों तक यह संदेश पहुंचाना है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें तथा यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु आवेदन कर सकता है।


बैठक में बताया गया कि 05 अगस्त को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक सभी जिला प्रशासन अपने-अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं अन्य माध्यमों) पर #NewVoters हैशटैग के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करेंगे। अभियान के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन, नाम सत्यापन, दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को अधिकतम प्रभावी बनाने के लिए जिला स्तर पर समुचित समन्वय स्थापित किया जाए तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक नागरिकों तक पहुंच बनाकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय पर अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक तक आवश्यक जानकारी पहुंचे और कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।




