Last Updated on July 30, 2026 by Gopi Krishna Verma
जिले की 4.56 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹114.06 करोड़ से अधिक की राशि हस्तांतरित

गिरिडीह। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत जुलाई 2026 माह की सम्मान राशि का सफलतापूर्वक भुगतान कर दिया गया है। योजना के तहत गिरिडीह जिले की कुल 4,56,267 महिला लाभुकों के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक ₹2,500 की दर से कुल ₹1,14,06,67,500 (एक अरब चौदह करोड़ छह लाख सड़सठ हजार पांच सौ रुपये) की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। यह भुगतान राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करता है।

योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिल रही है। जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रखंडों एवं शहरी निकायों के माध्यम से योजना के सफल क्रियान्वयन की सतत निगरानी की गई, जिससे पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से राशि का भुगतान सुनिश्चित हो सका। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) प्रणाली के माध्यम से राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं प्रभावी बनी है।
जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में लाभान्वित महिलाओं की संख्या इस प्रकार है— गिरिडीह प्रखंड 39,374, गिरिडीह नगर निगम 27,726, बेंगाबाद 28,880, गांडेय 32,546, जमुआ 53,785, देवरी 34,257, तिसरी 13,584, गावां 21,276, धनवार 47,805, धनवार नगर पंचायत 2,145, बिरनी 35,565, सरिया 25,521, सरिया नगर पंचायत 2,447, बगोदर 31,844, डुमरी 41,075 तथा पीरटांड़ 18,437 लाभुकों को योजना का लाभ प्राप्त हुआ है।

जिला प्रशासन ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है कि जिले की प्रत्येक पात्र महिला को योजना का लाभ समय पर एवं पारदर्शी ढंग से प्राप्त हो। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में भी सम्मान राशि का भुगतान निर्धारित समय पर निर्बाध रूप से जारी रहे।
जिला प्रशासन ने सभी लाभुक महिलाओं से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते एवं आधार संबंधी विवरण अद्यतन रखें, जिससे योजना का लाभ उन्हें समय पर प्राप्त होता रहे। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार की एक प्रभावी एवं जनकल्याणकारी पहल के रूप में निरंतर संचालित है।




