Last Updated on August 11, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जमुआ विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं और उससे हो रही जनहानि का मामला जमुआ विधायक मंजु कुमारी ने विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाई। विधायक ने सरकार का ध्यान जमुआ एवं देवरी प्रखंड में वज्रपात से हुई मौतों की ओर आकृष्ट कराते हुए मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक मंजु कुमारी ने कहा कि वज्रपात की घटनाओं में कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है। ऐसे संकट की घड़ी में सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रभावित परिवारों को बिना किसी विलंब के सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने भविष्य में वज्रपात से होने वाली जनहानि को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में तड़ित चालक लगाने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने तथा पंचायत स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की मांग भी सदन में रखी।

विधायक ने कहा कि वज्रपात पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। उनके हक और सुरक्षा के लिए वह लगातार आवाज उठाती रहेंगी। उन्होंने सरकार से प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाने के साथ-साथ वज्रपात से बचाव के लिए ठोस एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।




