Last Updated on August 7, 2026 by Gopi Krishna Verma
साइबर सुरक्षा एवं पौधारोपण कार्यक्रम का भी किया गया आयोजन

गिरिडीह। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), बेंगाबाद में जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ (BBBP) अभियान के अंतर्गत पौधारोपण, साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं बाल विवाह रोकथाम विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं बाल अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान से हुई।

छात्राओं एवं उपस्थित अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि एक पौधे की तरह प्रत्येक बालिका का भी संरक्षण, शिक्षा और विकास समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
इसके बाद आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र में छात्राओं को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा ओटीपी, बैंक विवरण एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

छात्राओं को मजबूत पासवर्ड का उपयोग, दो-स्तरीय सुरक्षा (Two-Factor Authentication) अपनाने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में 1930 साइबर हेल्पलाइन एवं [www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम पर विशेष चर्चा की गई। छात्राओं को बताया गया कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं भविष्य पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है।
उन्हें बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी देते हुए कहा गया कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तुरंत संबंधित प्रशासन, पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचित करें। छात्राओं से स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध जागरूक करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धियोजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई तथा छात्राओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह से बिक्कु कुमार यादव, विकास कुमार,एवं नीलम मंडल उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित डिजिटल जीवनशैली अपनाने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को देने की अपील की।




