तीन बच्चों की मां का संदिग्ध अवस्था में मौत, परिजनों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
Last Updated on May 2, 2026 by Gopi Krishna Verma
नवडीहा ओपी क्षेत्र के कुरहोबिंदो गांव की है घटना

नवडीहा। जमुआ थाना के नवडीहा ओपी क्षेत्र के कुरहोबिन्दो में शनिवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इधर मृतिका के परिजनों ने ससुराल पक्ष वालों पर रस्सी से गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका सुदामा देवी(27), तीन बच्चों की मां है। सूचना पर पहुंची नवडीहा ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

दहेज हत्या का लगा आरोप
मृतका के पिता नंदलाल पंडित ने बताया कि उनकी बेटी सुदामा की शादी करीब दस साल पहले ओपी क्षेत्र कुरहोबिन्दो निवासी राजेन्द्र पंड़ित के बड़े बेटे बिरजु पंड़ित से हुआ था। शादी के बाद से ही सुदामा देवी को दहेज के लिए प्रताड़ित और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।

दामाद ने फोन कर कहा बेटी ने लगा ली फांसी
मृतिका के पिता के अनुसार, दो मई को समय करीब ग्यारह बजे दिन में दामाद ने फोन करके बताया की आपकी बेटी ने फांसी लगाकर मर गई है। परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो सुदामा देवी का शव मिट्टी खपड़ैल मकान के घर में पलंग पर पड़ा था और वहां कोई मौजूद नहीं था। इन लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर नवडीहा ओपी में मृतका के पिता नंदलाल पंड़ित के द्वारा आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर मृतका के पति बिरजु पंड़ित, ससुर राजेन्द्र पंड़ित, देवर अनुज पंड़ित, देवरानी प्रीति कुमारी और अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
“मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
-सबिता कुमारी, नवडीहा ओपी प्रभारी
