बेटे की मौत के बाद महिला पर लगाया डायन का आरोप, लाठी-टांगी से पीटकर हत्या; दो गिरफ्तार
Last Updated on November 16, 2026 by Gopi Krishna Verma
गिरिडीह के बासाबुदा गांव में अंधविश्वास ने ली 59 वर्षीय महिला की जान, देवर के बेटे की रिम्स में हुई थी मौत; पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बासाबुदा गांव में डायन-बिसाही के अंधविश्वास में एक 59 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिवलाल मुर्मू (48) और उसकी पत्नी बड़की देवी (43) शामिल हैं। दोनों बासाबुदा गांव के रहने वाले हैं। वहीं, इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 की सुबह करीब छह से सात बजे के बीच की है। मामले में मृतका के पति लखीराम मुर्मू के फर्दबयान पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 330/2026 दर्ज किया गया है। इसमें मृतका के देवर मोतीलाल मुर्मू, उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

अनुसंधान में सामने आया कि मोतीलाल मुर्मू का बेटा कई दिनों से बीमार था और रांची के रिम्स में भर्ती था। 13 नवंबर की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद 14 नवंबर की सुबह बेटे की मौत का जिम्मेदार महिला को ठहराते हुए उस पर डायन होने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि इसके बाद परिजनों ने लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।
