श्वेता शर्मा और झामुमो नेताओं ने बिरसा जयंती पर भगवान बिरसा को किया नमन, विकसित झारखंड बनाने का लिया संकल्प

0

Last Updated on November 16, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह में धूमधाम से मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस, झामुमो जिला कार्यालय व बिरसा चौक पर हुआ माल्यार्पण

गिरिडीह। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की ओर से झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जिला कार्यालय में भगवान धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष संजय सिंह, दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू की धर्मपत्नी एवं झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा और पूर्व विधायक केदार हाजरा समेत कई प्रमुख नेताओं ने शिरकत की।

चित्र और प्रतिमा पर अर्पित किए गए श्रद्धासुमन

कार्यक्रम की शुरुआत झामुमो जिला कार्यालय में भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इसके पश्चात श्वेता शर्मा, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

‘बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाना ही हमारा लक्ष्य’

इस पावन अवसर पर झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा ने समस्त झारखंड वासियों को झारखंड स्थापना दिवस और बिरसा जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “इस गौरवशाली अवसर पर हम सभी को मिलकर भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का एक समृद्ध, खुशहाल, शिक्षित और विकसित झारखंड बनाने का संकल्प लेना चाहिए।”

जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता संग्राम में मात्र 25 वर्ष की अल्प आयु में ही अमिट छाप छोड़ी थी। उन्होंने शोषित, पीड़ित, आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जो संघर्ष किया, वह आज भी हम सभी के लिए अनुकरणीय है।

पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि झारखंड का जल, जंगल और जमीन हमारी थाती है और हम ही इसके असली रक्षक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान बिरसा मुंडा के दिखाए मार्ग पर चलकर ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, केंद्रीय कमेटी सदस्य दिलीप मंडल, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, चांद रसीद, नूर अहमद, रितेश सराक, अंकित सहाय, दारा हाजरा, मेहताब मिर्जा, आदिल रशीद, प्रधान मुर्मू, सैफ अली गुड्डू, नुरूल हौदा, अभय कुमार, मुमताज वारसी तूफान, विशाल झा, मेहबूब अंसारी चामो, दुलारचंद दास, मुकेश यादव, गोपाल शर्मा, गौरी शंकर यादव, रूपेश चंद्रवंशी और गोपाल विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed