हीरोडीह: अनियंत्रित पिकअप ने लूना सवार को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत; मुआवजे के आश्वासन पर खुला सड़क जाम

0

Last Updated on November 14, 2026 by Gopi Krishna Verma

जमुआ। हीरोडीह थाना क्षेत्र के नीमाडीह के पास शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन (बोलेरो) ने सड़क पर काल बनकर कहर ढाया। अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से लूना सवार अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। पुलिस के आश्वासन के बाद ही जाम हटाया जा सका।

रिश्तेदार के घर जा रहे थे जैनुल

मृतक की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के हारोडीह गांव के रहने वाले जैनुल अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जैनुल अंसारी अपनी लूना गाड़ी से किसी रिश्तेदार के यहां धुरेता जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे नीमाडीह के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि जैनुल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

एक घंटे तक सड़क जाम, पुलिस के आश्वासन पर माने ग्रामीण

घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों के समर्थन में सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही लगातार आम लोगों की जान ले रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप दास दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाते हुए ‘हिट एंड रन’ (Hit and Run) कानून के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता और उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात सामान्य हुआ।

पुत्र ने थाने में दिया आवेदन

दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के पुत्र इसराइल अंसारी ने हीरोडीह थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन व चालक की तलाश कर रही है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed