03 मई को आयोजित होने वाली NEET(UG)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग
Last Updated on May 2, 2026 by Gopi Krishna Verma
परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए समय 06:00 बजे तक निर्धारित है

.गिरिडीह। आगामी 03 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार द्वारा सभी प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी, पेट्रोलिंग दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई।

इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की गरिमा बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) एवं राज्य सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में गिरिडीह जिले में कुल 03 परीक्षा केंद्र—डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस पचंबा, गिरिडीह +2 उच्च विद्यालय तथा सर जे.सी. बोस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस निर्धारित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, स्टैटिक पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान वे अपने-अपने केंद्रों पर सतत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखें।

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन जांच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध तथा निर्धारित गाइडलाइन का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।वहीं पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पेट्रोलिंग दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखें। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने, अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने एवं किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने हेतु विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
ब्रीफिंग के दौरान यह भी बताया गया कि परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए समय 06:00 बजे तक निर्धारित है। सभी संबंधित अधिकारियों को समय से पूर्व अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन प्रारंभ करने तथा परीक्षा समाप्ति तक पूर्ण सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना
परीक्षा के सफल संचालन एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06532-228829 है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी स्टैटिक एवं पेट्रोलिंग दंडाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियंत्रण कक्ष के साथ सतत संपर्क बनाए रखें तथा किसी भी समस्या या घटना की सूचना तुरंत उपलब्ध कराएं।
