Last Updated on July 27, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं माननीय परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में संचालित विशेष ड्राइविंग लाइसेंस अभियान के तहत आज डुमरी प्रखंड में नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) हेतु विशेष शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहभागिता निभाई।
शिविर के दौरान कुल 96 अभ्यर्थियों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए निर्धारित प्रक्रिया में भाग लिया। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन एवं ऑनलाइन परीक्षा के उपरांत 87 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए, जिन्हें जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार द्वारा नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) प्रदान किया गया। वहीं 09 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके, जिन्हें नियमानुसार पुनः अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्रत्येक वाहन चालक की कानूनी जिम्मेदारी के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। उन्होंने सभी नवशिखुवा चालकों से यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की आदत विकसित करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की इस विशेष पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं प्रखंड स्तर तक परिवहन सेवाओं को सुलभ बनाना, नागरिकों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा जिले में अधिकाधिक वाहन चालकों को वैध लाइसेंस से आच्छादित करना है। इससे सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ जिम्मेदार एवं नियमसम्मत यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित विशेष शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं तथा सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के सामूहिक प्रयास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।




