गिरिडीह में छठ घाटों का महापौर ने लिया जायजा: साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए कड़े निर्देश

0

Last Updated on November 11, 2026 by Gopi Krishna Verma

छठ व्रतियों की सुविधा में न हो कोई कसर, दिवंगत पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की याद में भावुक हुए लोग

गिरिडीह। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गिरिडीह नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है। बुधवार को महापौर प्रमिला मेहरा ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूवा, सिटी मैनेजर मंजूर आलम, श्वेता शर्मा और नगर निगम तथा संबंधित विभागों के कई अधिकारी मौजूद रहे।

प्रमुख घाटों का निरीक्षण, कमियां दूर करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान महापौर और प्रशासनिक टीम ने झरियागादी, गरहाटांड, दीनदयाल घाट (कर्बला), शिव शक्ति घाट (राजपूत मोहल्ला), अरगाघाट, मेट्रोस गली, पाण्डेयडीह, शीतलपुर, सिरसिया घाट (पुराना पुल) और रविदास मोहल्ला घाट (सिहोडीह) का दौरा किया। घाटों पर मिली कमियों को देखते हुए महापौर ने अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के सख्त निर्देश दिए।

साफ-सफाई, बिजली और यातायात पर विशेष जोर

महापौर प्रमिला मेहरा ने स्पष्ट कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने घाटों की संपूर्ण स्वच्छता, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, पर्याप्त रोशनी (लाइटिंग), सुगम आवागमन और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष बल दिया। नगर निगम और बिजली विभाग को सभी तैयारियां समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

श्वेता शर्मा बोलीं— आस्था का पर्व, सुरक्षा व स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता

श्वेता शर्मा ने कहा कि छठ लोक आस्था का सबसे पवित्र पर्व है। घाटों पर आने वाले हर श्रद्धालु की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का पूरा ख्याल रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली जाएंगी।

दिवंगत पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को किया गया याद

झरियागादी छठ घाट पर निरीक्षण के दौरान पूर्व मुखिया साठु ठाकुर दिवंगत पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष छठ से पहले सुदिव्य कुमार सोनू स्वयं घाटों का जायजा लेते थे और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते थे। आज उनकी कमी पूरे गिरिडीह को खल रही है। इस पर महापौर ने भी कहा कि जनहित में उनके द्वारा किए गए कार्यों और पर्व के प्रति उनकी निष्ठा को शहरवासी हमेशा याद रखेंगे।

मौके पर मौजूद गणमान्य लोग

निरीक्षण के दौरान झामुमो जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, अभय सिंह, जिला सह सचिव दिलीप रजक, दारा हाजरा, रामजी यादव, गोपाल शर्मा, राकेश कुमार सिंह, प्रमिला कुमारी, सचिन शर्मा, अनुभव सिंह, संजय वर्मा और रूपेश रजक समेत कई स्थानीय प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed