Last Updated on June 25, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के बेंगाबाद प्रशासन की अवैध बालू खनन व परिवहन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत गुरुवार को मोतीलेदा बालू घाट पर बड़ी कार्रवाई की गई। अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में छापेमारी के दौरान बालू लदा एक ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया, जिसे थाना भेजते समय चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया और दुर्घटना होते-होते टल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी के समय अंचल अधिकारी ने जब्त ट्रैक्टर पर एक चौकीदार को बैठाकर वाहन थाना तक भेजने का निर्देश दिया था। इसी बीच ट्रैक्टर का चालक अचानक तेज रफ्तार में वाहन भगाने लगा। भागते समय तेलोनारी गांव के निकट चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
दुर्घटना के बावजूद चालक तथा ट्रैक्टर पर बैठे चौकीदार बाल-बाल बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।




