Last Updated on June 23, 2026 by Gopi Krishna Verma
घर-घर सत्यापन एवं ASDD मतदाताओं की पहचान पर विशेष फोकस

गिरिडीह। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गिरिडीह जिले के सभी अंचलों में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके तथा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप घर-घर सत्यापन अभियान, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन करने तथा ASDD (Absent, Shifted, Dead & Duplicate) श्रेणी के मतदाताओं की पहचान एवं सूची के शुद्धिकरण संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर कार्य निष्पादन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं तकनीकी पहलुओं पर भी विशेष रूप से चर्चा की जा रही है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है तथा इसकी शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करना निर्वाचन तंत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सम्मिलित हो और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके।




