Last Updated on June 23, 2026 by Gopi Krishna Verma
संवेदनशील प्रशासन की मिसाल: उपायुक्त ने सुनी आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार के माध्यम से आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से लगभग 150 से अधिक फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेयजल, विद्युत, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर उपायुक्त ने एक-एक कर फरियादियों की बातें सुनीं।

कई मामलों का मौके पर ही निराकरण करते हुए संबंधित आवेदकों को त्वरित राहत प्रदान की गई। जिन मामलों के समाधान हेतु विस्तृत जांच अथवा विभागीय कार्रवाई अपेक्षित थी, उन मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए उपायुक्त ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्राप्त शिकायतों पर तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।




