Last Updated on October 9, 2026 by Gopi Krishna Verma
खोरीमहुआ के बाद कोदम्बरी के पास भी हैवानियत, बेंगाबाद पुलिस ने दर्ज किया केस

गिरिडीह। जिले के धनवार थाना क्षेत्र के खोरीमहुआ में देवघर की रहने वाली एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़िता के बयान के आधार पर बेंगाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले के नामजद आरोपी रिंकू मंडल को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मदद का झांसा देकर दुकान के कमरे में की दरिंदगी
पीड़िता के अनुसार, घटना एक अक्टूबर की सुबह की है जब वह अपनी चार वर्षीय बेटी को देवघर स्थित स्कूल छोड़ने घर से निकली थी। रास्ते में फुरसोडीह निवासी रिंकू मंडल ने उसे घर तक छोड़ने का झांसा देकर अपने वाहन में बैठा लिया। आरोप है कि वह महिला को खोरीमहुआ स्थित एक दुकान के कमरे में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और जबरन दुष्कर्म किया गया।

रास्ते में जेवर छीने, दो अन्य युवकों ने भी की हैवानियत
वारदात के बाद आरोपी महिला के जेवर छीनकर उसे गिरिडीह-कोडरमा मार्ग पर कोदम्बरी से आगे छोड़ कर फरार हो गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां भी दो अज्ञात युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह ऑटो और बस के जरिए महिला अपने घर देवघर पहुंची।
परिजनों को दी जानकारी, बेंगाबाद थाने में दर्ज कराया बयान
दहशत में जी रही पीड़िता ने 6 अक्टूबर को अपने पति को घटना की पूरी जानकारी दी। इसके बाद 7 अक्टूबर को अपने मायके पहुंचकर बेंगाबाद थाने में महिला पुलिस अधिकारी और परिजनों की मौजूदगी में अपना फर्द बयान दर्ज कराया।

परिजनों ने की कड़ी सजा की मांग
पीड़िता के पति और भाई ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष व गहनता से जांच करने, बाकी संलिप्त आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।




