Last Updated on October 9, 2026 by Gopi Krishna Verma
महुआर पंचायत के धरतीशरण गांव की घटना; खेलने के दौरान हुआ हादसा, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

गिरिडीह। थाना क्षेत्र की महुआर पंचायत स्थित धरतीशरण गांव में गुरुवार शाम एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घर के पास पानी से भरे गड्ढे में गिरने से चार वर्षीय मासूम की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
खेलते-खेलते गड्ढे के पास पहुंचा था मासूम
मृतक बच्चे की पहचान तनवीर अंसारी के चार वर्षीय पुत्र कुर्बान अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बच्चा घर के पास ही खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक पानी से भरे गड्ढे के समीप चला गया, जहां पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में गिर गया। जब तक परिजनों को हादसे की भनक लगती और उसे बाहर निकाला जाता, तब तक मासूम की जान जा चुकी थी।

परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
हादसे की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना के एएसआई अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि महेंद्र चौधरी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को संभाला और ढांढस बंधाया।
घटना के बाद रोते-बिलखते परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से गुहार लगाते हुए बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर स्थिति का जायजा ले रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।




