Last Updated on October 8, 2026 by Gopi Krishna Verma

एक नज़र:
- री-एग्रीमेंट और लंबित किराया जमा न करने वाले दुकानदारों पर गिरी गाज
- नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा बोले—समय पर टैक्स जमा कर निगम के विकास कार्यों में करें सहयोग
गिरिडीह। नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा के निर्देश पर आज गिरिडीह नगर निगम की टीम ने दुकानों के लंबित बकाया और री-एग्रीमेंट राशि की वसूली को लेकर एक विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान बार-बार चेतावनी के बावजूद देय राशि का भुगतान न करने वाले पांच दुकानदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उनकी दुकानों को सील कर दिया गया।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम की दुकानों से जुड़ा बकाया किराया और री-एग्रीमेंट शुल्क की वसूली प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे समय रहते निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने बकाए का भुगतान नगर निगम कार्यालय में जमा कराएं, अन्यथा आगे भी इसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
होल्डिंग और वाटर टैक्सदाताओं से भी अपील
दुकानदारों के साथ-साथ नगर आयुक्त ने शहर के सभी होल्डिंगधारियों से भी अपने-अपने भवन का होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स समय पर चुकाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा दी जाने वाली नागरिक सुविधाओं और शहर के विकास कार्यों को सुचारु रूप से चलाने के लिए राजस्व का समय पर मिलना बेहद आवश्यक है। निगम प्रशासन ने सभी करदाताओं से बकाए का शीघ्र भुगतान कर राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग की मांग की है।




