तिसरी: 22 वर्षीय नवविवाहिता पूनम की संदेहास्पद स्थिति में मौत
Last Updated on November 23, 2026 by Gopi Krishna Verma
विवाद, फंदा काटने का दावा और सेटलमेंट की चर्चा—क्यों उलझी जांच की गुत्थी?

गिरिडीह। तिसरी थाना क्षेत्र के पेसराटांड़ गांव में रविवार दोपहर 22 वर्षीय नवविवाहिता पूनम कुमारी की मौत के बाद कई ऐसे बिंदु सामने आए हैं, जिन्होंने मामले को और पेचीदा बना दिया है। एक तरफ ससुराल पक्ष फंदे से उतारने और आत्महत्या की बात कह रहा है, वहीं मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। इसके बीच दोनों पक्षों के बीच सेटलमेंट की चर्चा ने भी ध्यान खींचा है।

मोबाइल विवाद से शुरू हुई नोंकझोंक, रविवार को बढ़ा तनाव
जानकारी के मुताबिक, किसगो के गवरटोली निवासी दिलीप सिंह की बेटी पूनम की शादी जुलाई 2026 में पेसराटांड़ के असरफी सिंह के पुत्र राजकुमार सिंह से हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था, लेकिन शनिवार से मोबाइल समेत अन्य बातों को लेकर पति-पत्नी में नोंकझोंक शुरू हुई। रविवार को भी विवाद होने की बात सामने आई, जिसके कुछ ही देर बाद यह घटना घट गई।

फंदे से बेड तक कैसे पहुंचा शव? उठ रहे सवाल
ससुराल पक्ष का कहना है कि रविवार दोपहर पूनम फंदे पर लटकी मिली और पति राजकुमार ने फंदा काटकर उसे नीचे उतारा, पर तब तक उसकी जान जा चुकी थी। पुलिस को सूचना पति राजकुमार ने दी, जबकि मायके वालों को ससुर असरफी सिंह ने फोन कर घटना से अवगत कराया।

दूसरी ओर, पेसराटांड़ पहुंचे पिता दिलीप सिंह, चाचा और अन्य परिजनों ने पूनम का शव बेड पर देखे जाने का जिक्र करते हुए पति राजकुमार पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। बयानों के इस अंतर ने घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सेटलमेंट की चर्चा के बीच पुलिस की पड़ताल
घटना के बाद तिसरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और थाना ले आई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है, जबकि घटनाक्रम के बीच दोनों पक्षों के बीच सेटलमेंट की बात चलना भी एक अहम पहलू के रूप में सामने आया है।
