गिरिडीह: शिखरजी से टाटा लौट रही बस पलटी, पति-पत्नी की मौत; दर्जनभर यात्री घायल

0

Last Updated on November 23, 2026 by Gopi Krishna Verma

मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास रविवार रात हुआ भीषण हादसा, दो घायलों की हालत गंभीर

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में रविवार की रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। शिखरजी की यात्रा पूरी कर टाटा लौट रहे यात्रियों से भरी एक बस कल्याण निकेतन के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पेड़ से टकराने के बाद विपरीत दिशा में पलटी बस

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर JH 01-CZ-4638 है। बस में सवार सभी श्रद्धालु व यात्री शिखरजी की यात्रा पूरी करने के बाद टाटा लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि यात्रियों का करीब 10 वाहनों का जत्था एक साथ सफर कर रहा था। इसी दौरान कल्याण निकेतन के समीप अचानक एक बस अनियंत्रित हो गई। बस पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई और इसके बाद विपरीत दिशा में पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिल सका और घटनास्थल पर चीख-पुकार व अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा

हादसे की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत पुलिस के अन्य पदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *