जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का दूसरा दिन: भारा दौड़, मटका दौड़ और वॉलीबॉल में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

0

Last Updated on November 22, 2026 by Gopi Krishna Verma

विजेता खिलाड़ियों को मिला पुरस्कार, प्रमंडल स्तर पर हजारीबाग में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

गिरिडीह। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को गिरिडीह स्टेडियम में विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड तथा जिला प्रशासन, गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया।

दूसरे दिन भारा दौड़ (बालक एवं बालिका वर्ग), मटका दौड़ (बालक एवं बालिका वर्ग) और वॉलीबॉल (बालक वर्ग) की स्पर्धाएं कराई गईं। खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक दक्षता, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

दूसरे दिन के परिणाम

  • भारा दौड़ (बालिका वर्ग): पीरटांड़ की सविता बास्के प्रथम, पीरटांड़ की कल्पना किरण टुडू द्वितीय और गिरिडीह की शालू कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
  • भारा दौड़ (बालक वर्ग): गिरिडीह के मोहम्मद शहनवाज अंसारी ने पहला, मोहम्मद जीशान ने दूसरा और राज कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।
  • मटका दौड़ (बालिका वर्ग): पीरटांड़ की सविता बास्के प्रथम, सोनम हांसदा द्वितीय और मीनू कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
  • मटका दौड़ (बालक वर्ग): गिरिडीह के संतु कुमार दास प्रथम और राज कुमार द्वितीय स्थान पर रहे।
  • वॉलीबॉल (बालक वर्ग): धनवार की टीम ने पहला और बेंगाबाद की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

हजारीबाग में प्रमंडल स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा

प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि इस तरह की खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा निखारने, अनुशासन तथा टीम भावना विकसित करने और खेल के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने का अहम माध्यम हैं।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अव्वल रहे खिलाड़ी और टीमें अब आगामी प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हजारीबाग जाएंगी, जहां वे गिरिडीह जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। जिला प्रशासन ने सभी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed