Last Updated on July 19, 2026 by Gopi Krishna Verma
मंत्री ने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने तथा SIR-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के प्रभावी क्रियान्वयन के क्रम में माननीय मंत्री, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार सुदीव्य कुमार ने स्वयं अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर अभियान में सहभागिता सुनिश्चित की।
उन्होंने अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव को सौंपा। इस अवसर पर मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की मूल आवश्यकता है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने तथा SIR-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की उपलब्धता, उसका संग्रहण एवं अद्यतन कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए समय पर गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि SIR-2026 अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज किया जा सके।




