Last Updated on July 19, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ निगरानी व्यवस्था की गई है।
परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) से लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों से नियमित रूप से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। परीक्षा के प्रत्येक चरण की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की सूचना अथवा शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं कदाचारमुक्त संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। सभी केंद्राधीक्षकों, स्टेटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेटों, पुलिस पदाधिकारियों तथा नोडल अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी अप्रत्याशित स्थिति का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के समन्वित प्रयास से परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, शुचिता एवं आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।




