Last Updated on July 19, 2026 by Gopi Krishna Verma
परीक्षा की प्रत्येक प्रक्रिया आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा कदाचार की संभावना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: डीसी

गिरिडीह। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने एचई हाई स्कूल, कार्मेल स्कूल, पचंबा हाई स्कूल, हनी होली विद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश कर रहे परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) एवं पहचान पत्रों की जांच प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया तथा स्वयं भी कुछ अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षार्थियों से संवाद स्थापित कर परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें शांतचित्त होकर निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उपायुक्त ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से परीक्षा संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा की प्रत्येक प्रक्रिया आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा कदाचार की संभावना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं तनावमुक्त परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हो। जिला प्रशासन द्वारा पूरे परीक्षा अवधि में सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा का आयोजन पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।




