Last Updated on September 19, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। समाहरणालय सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में Electoral Literacy Club (ELC) की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत प्राप्त दावा/आपत्तियों, प्रपत्र-6, 18-19 आयु वर्ग के युवाओं के पंजीकरण और ELC 2.0 की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावा/आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। जिले में अब तक नए मतदाताओं से कुल 44,025 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें 28-धनवार से 7,120, 29-बगोदर से 11,472, 30-जमुआ से 6,141, 31-गांडेय से 6,118, 32-गिरिडीह से 5,586 तथा 33-डुमरी से 7,592 आवेदन शामिल हैं।

बैठक में 18-19 आयु वर्ग के युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया गया, जिससे संबंधित कुल 20,219 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने UDISE+ डेटा के आधार पर 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र युवाओं की सूची तैयार कर छात्रवार सत्यापन करने और रिपोर्ट 25 सितंबर 2026 तक जिला निर्वाचन शाखा में जमा करने का सख्त निर्देश दिया।
इसके अलावा, जिले में ELC 2.0 के तहत अब तक 162 ELC पंजीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 85 सत्यापित हैं और 77 लंबित हैं। श्री यादव ने शैक्षणिक संस्थानों और ELC समन्वयकों को शत-प्रतिशत पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक समाहर्ता यश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, डीपीआरओ अंजना भारती और डीईओ विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




