Last Updated on September 19, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए। वहीं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

उपायुक्त ने विभिन्न प्रपत्रों की उपयोगिता साझा करते हुए प्रपत्र-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया। जिले में 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों से आवेदन की अपील की गई है। जिले में अब तक प्रपत्र-6 के 44,025, प्रपत्र-7 (नाम विलोपन) के 364 और प्रपत्र-8 (संशोधन/स्थानांतरण) के 46,339 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में स्थित कुल 2,586 मतदान केंद्रों के तहत पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान अब तक 4,81,103 नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से सहयोग और समन्वय की अपील करते हुए नागरिकों को अफवाहों एवं अपुष्ट सूचनाओं से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी सही जानकारी के लिए केवल अधिकृत माध्यमों या BLO से ही संपर्क करें।




