डीसी ने जनता दरबार में सुनीं 100 से अधिक फरियादियों की समस्याएं, कई मामलों का हुआ ऑन-द-स्पॉट समाधान

Last Updated on June 5, 2026 by Gopi Krishna Verma आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर उपायुक्त सख्त, जरूरतमंदों को मिला तत्काल राहत का लाभ गिरिडीह। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने करीब 100 से अधिक फरियादियों की समस्याओं…

Last Updated on June 5, 2026 by Gopi Krishna Verma

आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर उपायुक्त सख्त, जरूरतमंदों को मिला तत्काल राहत का लाभ

गिरिडीह। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने करीब 100 से अधिक फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध तरीके से समाधान करने के स्पष्ट निर्देश दिए। जनता दरबार के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर लोगों को राहत प्रदान की गई।

जनता दरबार में पहुंचे गांडेय प्रखंड अंतर्गत जामजोरी पंचायत की रेशमी कुमारी ने अपने पति रंजीत कुमार मंडल के मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने की समस्या उपायुक्त के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि कई दिनों से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं हो सका था। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसके उपरांत उनके पति का मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत कर दिया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर महिला ने उपायुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी प्रकार धनवार प्रखंड के डोरंडा निवासी कृष्ण यादव ने आवासहीन होने की अपनी समस्या जनता दरबार में रखी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उनके पास रहने के लिए पक्का आवास नहीं है। मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक जांच कर पात्रता के अनुसार उन्हें अंबेडकर आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।एक अन्य मामले में तिसरी अंचल की ममता कुमारी ने अपने पति की वज्रपात से हुई मृत्यु के संबंध में सहायता की मांग की।

उपायुक्त ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए संबंधित अंचलाधिकारी को तत्काल जांच कराते हुए आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को अनुमन्य चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया।जनता दरबार में धनवार प्रखंड के डोरंडा निवासी एक बच्ची के आधार कार्ड निर्माण से संबंधित मामला भी उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आवेदन में आधार कार्ड निर्गत करने में तकनीकी त्रुटियों एवं प्रक्रियागत बाधाओं की जानकारी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी त्रुटियों का निराकरण कर शीघ्र आधार कार्ड निर्गत कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्ची को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वहीं गिरिडीह प्रखंड अंतर्गत परसाटॉड पंचायत के ग्राम चंदनडीह से ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर में तकनीकी समस्या के कारण सुचारू विद्युत आपूर्ति नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल को मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रभावित क्षेत्र में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनता दरबार में इसके अतिरिक्त राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कृषि संबंधी समस्याएं, भूमि विवाद, म्यूटेशन, लगान रसीद, वन पट्टा, जमाबंदी, आवास योजना, पेयजल, बिजली एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता दरबार का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर प्रदान करना तथा उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत एवं सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

About Author

About the Author

Pappu Kumar Verma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the editor

Gopi Krishna verma

Gopikrishna Verma serves as the Editor of the ‘Dahad India’ news portal. Furthermore, he possesses over fifteen years of experience in the field of journalism. In addition to his work with this news portal, he currently serves as a correspondent for the Hindi edition of the ‘Hindustan Times’. He began his career in journalism with the Hindi edition of the ‘Hindustan Times’. His writing on serious subjects—such as public issues, law, education, and the environment—is remarkable, unique, and inspiring. His dedication to the field of education is such that he himself serves as the Director and Science Mentor at an educational institution, the ‘Adarsh Institute of Education’.

BlockSpare — News, Magazine and Blog Addons for (Gutenberg) Block Editor

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports