Last Updated on June 5, 2026 by Gopi Krishna Verma
निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी

गिरिडीह। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ समीर रेनियर खलखो, झा.प्र.से. की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रखण्ड अध्यक्षों, सचिवों एवं प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), 2026 के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। वर्तमान निर्वाचक नामावली की वर्ष 2003 की अंतिम गहन पुनरीक्षण सूची से मैपिंग की प्रगति, घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, मतदान केन्द्रों के पुनर्गठन (Rationalization), ASDDD मतदाताओं की पहचान, BLA-2 की नियुक्ति तथा दावा-आपत्ति प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र में पूर्व के 424 मतदान केन्द्रों के अतिरिक्त 48 नये मतदान केन्द्र सृजित किए गए हैं तथा एक मतदान केन्द्र का विलय किया गया है, जिसके फलस्वरूप वर्तमान में कुल 471 मतदान केन्द्र हो गए हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे शेष मतदान केन्द्रों हेतु BLA-2 की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करें तथा घर-घर सत्यापन एवं मतदाता मैपिंग कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। साथ ही ASDDD एवं Logical Error से संबंधित मामलों के सत्यापन, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा गणना प्रपत्रों की प्राप्ति एवं जमा कराने के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी आग्रह किया गया।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि Logical Error से संबंधित मामलों में नोटिस निर्गत कर संबंधित पक्षों को सुनवाई का अवसर प्रदान किया जाएगा तथा प्राप्त अभिलेखों एवं प्रतिवेदनों के आधार पर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पादन किया जाएगा। अंत में सभी राजनीतिक दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन हेतु सतत सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने का अनुरोध किया गया।




