Last Updated on August 7, 2026 by Gopi Krishna Verma
सुनील खंडेलवाल ने जताया डाक विभाग का आभार, भविष्य में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा

गिरिडीह। गिरिडीह प्रधान डाकघर के एमपीसीएम (MPCM) काउंटर पर बुकिंग रसीदों के प्रिंटर में उत्पन्न तकनीकी खराबी के संबंध में की गई शिकायत पर डाक विभाग द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए समस्या का समाधान कर दिया गया है। विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, प्रिंटर में तकनीकी त्रुटि के कारण बुकिंग रसीदों के मुद्रण में समस्या आ रही थी, जिसे 05 अगस्त 2026 को ठीक कर दिया गया है। वर्तमान में प्रिंटर सुचारु रूप से कार्य कर रहा है तथा सभी बुकिंग रसीदें स्पष्ट एवं पठनीय रूप में मुद्रित हो रही हैं।

शिकायतकर्ता सुनील खंडेलवाल ने मामले में भारतीय डाक विभाग, झारखंड पोस्टल सर्किल तथा संबंधित अधिकारियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से उसका समाधान सुनिश्चित किया। इससे आम नागरिकों को राहत मिली है और डाक सेवाएं पुनः सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
खंडेलवाल ने यह भी अपेक्षा जताई है कि भविष्य में यदि इस प्रकार की कोई तकनीकी या प्रशासनिक समस्या उत्पन्न होती है, तो उसका तत्काल समाधान किया जाए। गिरिडीह सहित पूरे क्षेत्र के लाखों नागरिक प्रतिदिन डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं पर निर्भर रहते हैं। ऐसी तकनीकी खामियों के कारण आम जनता को अनावश्यक परेशानी, समय की बर्बादी एवं आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।

खंडेलवाल ने आगे भरोसा जताया कि डाक विभाग भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था, नियमित तकनीकी रखरखाव तथा त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करेगा, ताकि आम नागरिकों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण डाक सेवाएं निरंतर प्राप्त होती रहें।




