गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर तिरंगे के बार-बार अपमान का मामला: रेलवे बोर्ड तक पहुंची शिकायत, कार्यकारी निदेशक को सौंपी गई जांच
Last Updated on November 12, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) के बार-बार क्षतिग्रस्त होने का गंभीर मामला अब नई दिल्ली स्थित रेलवे बोर्ड तक पहुंच गया है। शहर के जागरूक नागरिक सुनील कुमार खंडेलवाल द्वारा उठाए गए इस राष्ट्रीय सम्मान के मुद्दे पर रेलवे बोर्ड ने संज्ञान लिया है और मामले की कार्रवाई की जिम्मेदारी कार्यकारी निदेशक (पब्लिक ग्रीवांस) रत्नेश कुमार झा को सौंपी है।

क्या है पूरा मामला
सुनील कुमार खंडेलवाल ने रेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रेलवे बोर्ड के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर फहराया जाने वाला राष्ट्रीय ध्वज हर 10 से 15 दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त हो जाता है।
इस संबंध में पूर्व में 3 नवंबर 2026 को CPGRAMS पोर्टल पर शिकायत (संख्या MORLY/E/2026/0060717) दर्ज कराई गई थी। इसके जवाब में पूर्व रेलवे, आसनसोल मंडल ने 12 नवंबर 2026 को पत्र जारी कर सूचना दी कि स्टेशन पर नया राष्ट्रीय ध्वज विधिवत फहरा दिया गया है।

रेल प्रशासन के दावों की खुली पोल
विडंबना यह रही कि जिस दिन रेल प्रशासन ने झंडा बदलने की बात कही, उसी दिन जब शिकायतकर्ता ने स्टेशन का निरीक्षण किया, तो पाया कि नया लगाया गया तिरंगा भी ऊपरी हिस्से से क्षतिग्रस्त हो चुका है। यह स्थिति रेलवे की व्यवस्था, ध्वज की गुणवत्ता और उसके रखरखाव पर बड़े सवाल खड़े करती है।
खंडेलवाल ने गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि यदि कोई जागरूक नागरिक शिकायत न करे, तो क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय ध्वज या तो लंबे समय तक उसी हाल में फहरता रहता है या फिर उसे उतार कर रख दिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के लिए नागरिकों को बार-बार शिकायत और अनुस्मारक भेजने पड़ेंगे?

की गई प्रमुख मांगें
सुनील कुमार खंडेलवाल ने रेलवे बोर्ड के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
- तत्काल कार्रवाई: वर्तमान में क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय ध्वज को हटाकर निर्धारित मानकों के अनुसार नया और उच्च गुणवत्ता वाला ध्वज लगाया जाए।
- तकनीकी जांच: हर 10-15 दिनों में झंडा फटने के वास्तविक कारणों (कपड़े की गुणवत्ता, खंभे, रस्सी और हवा के दबाव की स्थिति) की तकनीकी और प्रशासनिक जांच हो।
- जवाबदेही तय हो: इस लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।
- स्थायित्व समाधान: नियमित निरीक्षण और रखरखाव की एक स्थायी व्यवस्था बनाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो।

“सिर्फ झंडा बदलना समाधान नहीं”
खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल एक क्षतिग्रस्त झंडे को बदलवाना नहीं है, बल्कि उस व्यवस्था में सुधार लाना है जिसके कारण बार-बार राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा आहत हो रही है। उन्होंने कहा, “तिरंगा किसी विभाग, अधिकारी या कर्मचारी की निजी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के सम्मान का प्रतीक है। इसकी गरिमा की रक्षा करना प्रत्येक सरकारी संस्थान का नैतिक दायित्व है।”
उन्होंने रेलवे बोर्ड से आग्रह किया है कि इसे महज एक सामान्य शिकायत मानकर औपचारिकता न पूरी की जाए, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े इस गंभीर विषय की निष्पक्ष जांच कराकर दोषपूर्ण व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए।
