मानवता की मिसाल: उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय के प्राचार्य उमा शंकर राम ने जरूरतमंद मरीज के लिए किया रक्तदान
Last Updated on November 12, 2026 by Gopi Krishna Verma
“रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं, स्वस्थ लोगों को करनी चाहिए स्वेच्छा से आगे आकर मदद” — उमा शंकर राम

गिरिडीह। मानवता और सामाजिक सरोकार की एक बेहतरीन मिसाल पेश करते हुए उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, छोटकी खरगडीहा के प्राचार्य उमा शंकर राम ने एक जरूरतमंद मरीज के लिए आगे आकर रक्तदान किया है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवहारिक जीवन में भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

जिंदगी बचाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं
रक्तदान करने के बाद प्राचार्य उमा शंकर राम ने कहा कि किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने से बड़ा कोई दूसरा पुण्य कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और केवल मानव ही मानव के काम आ सकता है। हमारा थोड़ा सा प्रयास किसी मरणासन्न व्यक्ति को नया जीवनदान दे सकता है।

समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं उमा शंकर राम
स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों का कहना है कि प्राचार्य उमा शंकर राम हमेशा जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। उनकी यह निरंतर पहल समाज में सेवा, संवेदना और भाईचारे की भावना को मजबूत करती है। उनका मानना है कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य भर नहीं है, बल्कि यह मानवता के प्रति हमारी एक नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने क्षेत्र के सभी स्वस्थ युवाओं और नागरिकों से अपील की है कि वे समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करें ताकि किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में अपनी जान न गंवानी पड़े।
