Last Updated on July 26, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड सरकार के मंत्री, वित्त विभाग, वाणिज्य-कर विभाग, योजना एवं विकास विभाग तथा संसदीय कार्य विभाग राधाकृष्णा किशोर के गिरिडीह आगमन पर परिसदन भवन में उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। स्वागत उपरांत माननीय मंत्री ने गिरिडीह, हजारीबाग एवं देवघर के अधिकारियों के साथ वाणिज्य-कर विभाग एवं योजना एवं विकास विभाग से संबंधित विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में राजस्व संग्रह की प्रगति, कर प्रशासन की कार्यप्रणाली, विभागीय उपलब्धियों, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, योजनागत व्यय, लक्ष्य प्राप्ति तथा भावी कार्ययोजना की बिंदुवार समीक्षा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, जवाबदेही एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही वाणिज्य-कर विभाग के अधिकारियों को राजस्व संग्रह में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रभावी रणनीति अपनाने, कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने तथा करदाताओं को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों ने विभागवार प्रगति प्रतिवेदन एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया।
मंत्री ने विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा कि बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए राज्य के समग्र विकास एवं सुशासन के उद्देश्यों को साकार किया जाए। बैठक में गिरिडीह, हजारीबाग एवं देवघर के संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।




