Last Updated on June 2, 2026 by Gopi Krishna Verma
अनुपस्थित छात्राओं को तत्काल छात्रावास में उपस्थित होकर पहचान सत्यापन कराने का निर्देश, अन्यथा होगी नियमानुसार कार्रवाई

गिरिडीह। लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के मद्देनजर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर गठित समिति द्वारा सर जे.सी. बोस विद्यालय छात्रावास एवं प्लस टू उच्च विद्यालय, गिरिडीह के छात्रावास का निरीक्षण एवं सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान छात्रावासों में नामांकित छात्राओं की उपस्थिति एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि दोनों छात्रावासों में कुल 218 छात्राओं का नामांकन दर्ज है, जबकि निरीक्षण के समय मात्र 70 छात्राएं ही उपस्थित पाई गईं। वहीं 130 से अधिक छात्राएं बिना सूचना के अनुपस्थित मिलीं। बड़ी संख्या में छात्राओं की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए समिति द्वारा विस्तृत सत्यापन प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

उपायुक्त के निर्देशानुसार यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि छात्रावासों में वास्तविक रूप से निवासरत एवं अध्ययनरत छात्राओं को ही सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो। इसी उद्देश्य से छात्राओं की पहचान एवं उपस्थिति का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। समिति ने दोनों छात्रावासों में नामांकित सभी अनुपस्थित छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अविलंब संबंधित छात्रावास में उपस्थित होकर समिति के समक्ष अपना पहचान सत्यापन (Identification) कराएं।

निर्धारित अवधि के भीतर सत्यापन नहीं कराने की स्थिति में संबंधित मामलों में प्रचलित नियमों एवं विभागीय प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी छात्राओं एवं अभिभावकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि छात्रावासों के संचालन में पारदर्शिता एवं व्यवस्था बनी रहे।




