Last Updated on June 2, 2026 by Gopi Krishna Verma
बगोदर के पोचरी निवासी हैं मृतक, सूचना पर पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो

गिरिडीह। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोचरी गांव निवासी मिथुन मंडल की धनबाद-गया रेलखंड स्थित पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार एवं गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिथुन मंडल गुजरात में कार्यरत था। वह भुसावल से मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन पकड़कर अपने घर पोचरी लौट रहा था। इसी दौरान पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बेको पूर्वी पंचायत के पूर्व मुखिया टेकलाल चौधरी व डुमरी विधायक जयराम महतो पारसनाथ रेलवे स्टेशन पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बताया गया कि मिथुन मंडल ट्रांसमिशन लाइन में कार्यरत स्टार लाइट कंपनी में सीनियर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।

मिथुन की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।




