Last Updated on June 2, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। प्रखंड के रजमनिया जंगल में विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के दूसरे दिन वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कपिलो पंचायत के मुखिया मुकेश यादव सहित दर्जनों ग्रामीणों ने सखुआ के वृक्षों में रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने वृक्षों को धरती का जीवनदाता बताते हुए उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संदेश दिया। मुखिया मुकेश यादव ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, स्वच्छ वायु प्राप्त करने तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने लोगों से अधिक-से-अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान “पेड़ बचाओ, जीवन बचाओ” के नारों से वातावरण गूंज उठा। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को प्रेरित करते हुए वृक्षों की रक्षा का संकल्प लिया। वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर फॉरेस्टर योगेंद्र प्रसाद, पंचायत सहायक सूरज कुमार मोदी, पंचायत समिति सदस्य कृति कुमारी, वनपाल बीरेन्द्र कुमार, अबोध महथा, परमेश्वर साव, केदार साव, प्रकाश साव, टेकलाल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




