जमुआ के पाराखारो के युवक की निर्मम हत्या की आशंका
Last Updated on April 29, 2026 by Gopi Krishna Verma
आम बगान के पास तड़पता मिला युवक, अस्पताल ले जाने के बाद हुई मौत

जमुआ। थाना क्षेत्र के धर्मपुर पंचायत अंतर्गत पाराखारो गांव में एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान पाराखारो निवासी बालेश्वर राणा के पुत्र श्रीकांत कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीकांत कुमार घर से करीब 500 मीटर दूर आम बगान के समीप संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। पशु चराने गई कुछ महिलाओं ने बताया कि उन्होंने युवक को जमीन पर तड़पते देखा। महिलाओं के अनुसार, उस समय श्रीकांत ने होश में रहते हुए बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे जबरन कोई टैबलेट खिला दी, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। धर्मपुर मुखिया के पुत्र सुशील कुमार हाजरा ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अपनी गाड़ी से जमुआ अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जमुआ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।इधर, युवक की मौत से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
