राजमिस्त्री की बेटी लक्ष्मी बनी बहोरियाडीह स्कूल टॉपर, बनेगी डॉक्टर
Last Updated on April 24, 2026 by Gopi Krishna Verma

नवडीहा। गुरुवार को जैक द्वारा जारी मैट्रिक रिजल्ट में जमुआ अंचल-2 के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बहोरियाडीह से छात्राओं ने बाजी मारी। विद्यालय के टॉप टेन में शीर्ष टॉप तीन स्थानों पर लड़कियों ने कब्जा जमाया। जिसमें 94.6 फीसदी अंक के साथ लक्ष्मी प्रथम, 94.4 के साथ ज्योति कुमारी द्वितीय व 93.2 फीसदी के साथ राजनंदिनी तृतीय स्थान पर रही। इसके साथ ही 89.9 फीसदी के साथ ऋतिका विश्वकर्मा छठे, 89.2 फीसदी के साथ नीशा नौवीं व 88.6 के साथ अंजलि वर्मा दसवीं स्थान पर रही।

विद्यालय टॉपर लक्ष्मी का सपना है डॉक्टर बनना
विद्यालय टॉपर रही हारोडीह निवासी लक्ष्मी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय विशेष रुप से अपने माता-पिता कविता देवी व प्रेमचंद प्रसाद वर्मा तथा विद्यालय शिक्षकों को दिया है। लक्ष्मी ने बताया कि वह आगे चलकर डॉक्टर बनकर गरीबों का निःशुल्क इलाज करेंगी और समाज के लिए मिशाल कायम करेंगी। बताते चलें कि लक्ष्मी के पिता राजमिस्त्री का कार्य करते हैं, वहीं माता गृहणी है।

विद्यालय की सेकेंड टॉपर विशनपुरा के राजेश सिंह की पुत्री ज्योति कुमारी पीसीएस में अपना करियर बनाना चाहती है। वहीं विद्यालय की थर्ड टॉपर बहोरियाडीह के उमाशंकर सिंह की पुत्री राजनंदिनी कुमारी इंजिनियर बन समाजसेवा करना चाहती है। इन दोनों ने ही अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय परिवार व अपने माता-पिता को दिया है।
विद्यालय का रिजल्ट रहा शत् प्रतिशत
इस वर्ष विद्यालय से कुल 146 छात्र-छात्राओं ने मैट्रिक परीक्षा दिया था, जिसमें 106 ने प्रथम तथा 40 ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त किया है। इस प्रकार विद्यालय का ऑल-ओवर रिजल्ट शत् प्रतिशत रहा।
