धनवार थाना से 200 मीटर दूर यूको बैंक में दिनदहाड़े 4 करोड़ के जेवरात और 10 लाख नकद की डकैती; जमुआ पुलिस ने पीछा कर एक अपराधी को दबोचा
Last Updated on November 5, 2026 by Gopi Krishna Verma

जमुआ। गिरिडीह जिले के धनवार थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित यूको बैंक में गुरुवार को पांच हथियारबंद अपराधियों ने दुस्साहसिक डकैती की घटना को अंजाम दिया। अपराधी दिनदहाड़े बैंक से करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए। हालांकि, घटना के तुरंत बाद सक्रिय हुई जमुआ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराधियों का पीछा किया और कई किलोमीटर तक दौड़ने के बाद एक अपराधी को बाइक और पिस्टल के साथ धर दबोचा।

बैंक के अंदर कैसे दिया गया घटना को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:40 बजे पांचों अपराधी दो मोटरसाइकिलों (पल्सर और अपाची) पर सवार होकर बैंक पहुंचे थे। इनमें दो ने हेलमेट और तीन ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। हेलमेट पहना एक अपराधी पहले अंदर घुसा, जिसके बाद अन्य साथी भी ग्राहक बनकर अंदर दाखिल हुए।
कुछ ही देर में अपराधियों ने हथियार निकालकर बैंक को अपने कब्जे में ले लिया।
- बंधक बनाकर टेप चिपकाया: अपराधियों ने शाखा प्रबंधक राहुल कुमार गोंड, उप शाखा प्रबंधक रोहित कुमार, कैशियर निधि कुमारी, कैजुअल स्टाफ अनिरुद्ध कुमार और वहां मौजूद तीन ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। विरोध रोकने के लिए सभी के हाथ पीछे बांधकर मुंह पर टेप चिपका दिया गया।
- ग्राहकों से भी लूटपाट: धनवार के अरविंद कुमार यादव से 5 हजार रुपये तथा चंदरखो के महताब आलम से 20 हजार रुपये लूटे गए। विरोध करने पर महताब आलम के गले पर पिस्टल के बट से वार कर उन्हें घायल कर दिया गया। एक अन्य ग्राहक से भी 20 हजार रुपये छीने गए।
- लॉकर तोड़कर उड़ाए करोड़ों के जेवरात: अपराधियों ने सबसे पहले सीसीटीवी कनेक्शन काटा, फिर शाखा प्रबंधक पर दबाव डालकर लॉकर खुलवाया और नकदी व सोने के जेवरात समेट लिए। वारदात के बाद वे बैंक के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगाकर चाबी अंदर ही फेंककर फरार हो गए। बैंक प्रबंधन के अनुसार, अपराधी 1:58 बजे तक बैंक से निकल चुके थे।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने बैंक में 10 लाख नकद और 4 करोड़ के जेवरात की लूट की पुष्टि की है। सूचना मिलते ही खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार और सरिया इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

जमुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पीछा कर एक अपराधी पकड़ा
धनवार की घटना के बाद हरकत में आई जमुआ पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए त्वरित कार्रवाई की।
डकैती की सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने पुलिस बल के साथ अपराधियों का पीछा किया। जमुआ-द्वारपहरी मुख्य मार्ग पर बरदबटिया के पास पुलिस वाहन से अपराधियों की बाइक (संख्या JH 02 BE 6937) में पीछे से टक्कर मारी गई। टक्कर लगते ही अपराधी बाइक से गिर पड़े, जिसके बाद एक अपराधी पिस्टल और बाइक वहीं छोड़कर भागने लगा।

जमुआ पुलिस ने अथक मेहनत और बहादुरी दिखाते हुए दौड़कर एक अपराधी को धर दबोचा। उसके पास से प्रयुक्त हथियार (पिस्टल) और मोटरसाइकिल जप्त कर ली गई है। हालांकि, इस संबंध में जमुआ पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत पुष्टि अभी की जानी बाकी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े करीब 18 मिनट तक चली इस लूटपाट की घटना ने स्थानीय पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बहरहाल, पुलिस जमुआ में पकड़े गए अपराधी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

