Last Updated on September 25, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुपी इलाके में मैगी खाने गए 24 वर्षीय युवक ऋतिक यादव की 10 से 15 युवकों ने पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी।
मृतक ऋतिक यादव का पिछले साल ही होमगार्ड भर्ती में चयन हुआ था और वह जल्द ही ट्रेनिंग पर जाने वाला था। उसके पिता मुसाफिर सिंह झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) हैं, जो वर्तमान में बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना में तैनात हैं।

मैगी खाने के दौरान बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक यादव गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने दो दोस्तों के साथ बंदरकुपी इलाके में मैगी खाने गया था। वहीं पर किसी बात को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर करीब 10 से 15 युवक एकत्र हो गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर ऋतिक पर हमला कर दिया और उसे तब तक बुरी तरह पीटते रहे जब तक वह गंभीर रूप से घायल नहीं हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद दोस्त उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जांच में जुटी पुलिस, कई हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। वहीं नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने सदर अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी जुटाई।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालांकि, मारपीट और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।




