Last Updated on August 3, 2026 by Gopi Krishna Verma
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिलेभर में विशेष प्रमाण-पत्र शिविर, आमजन को स्थानीय स्तर पर मिलेगी त्वरित सेवा

गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों की ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों के सभी वार्डों में 05 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को जाति, आवासीय, आय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र का त्वरित एवं सुगम निर्गमन सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन के और अधिक निकट पहुंचाना तथा प्रमाण-पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना है। इसके लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड में विशेष शिविर आयोजित कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में पंचायत सचिव एवं हल्का कर्मी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नागरिकों के आवेदन प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए निर्धारित समय में प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जा सके।

शिविरों के सफल संचालन हेतु संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित पर्यवेक्षण भी किया जाएगा तथा पर्यवेक्षी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविरों की तिथि एवं स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक इन शिविरों का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर का संचालन व्यवस्थित, पारदर्शी एवं नागरिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाए।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिन नागरिकों को जाति, आय, आवासीय, जन्म अथवा मृत्यु प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है, वे अपने क्षेत्र में आयोजित विशेष शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा।




