गिरिडीह: डायन बिसाही का आरोप लगाकर अधेड़ आदिवासी महिला की बेरहमी से हत्या, पोती के सामने किया गया वार; दो हिरासत में
Last Updated on November 14, 2026 by Gopi Krishna Verma

एक नज़र:
- घटनास्थल: बासाबूदा गांव, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र, गिरिडीह (झारखंड)।
- मृतका: दुलारी देवी (पति- लखराम मुर्मू)।
- मुख्य आरोप: रिश्तेदार के बच्चे की बीमारी से मौत के बाद डायन का आरोप लगाकर महिला की हत्या।
- कारवाई: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और दो लोगों को हिरासत में लिया है।

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बासाबूदा गांव में अंधविश्वास का एक डरावना मामला सामने आया है। यहाँ डायन बिसाही का आरोप लगाकर दुलारी देवी नामक अधेड़ आदिवासी महिला की धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी रोष है।

रिश्तेदार के बच्चे की मौत के बाद बना विवाद
मृतका के पति लखराम मुर्मू ने बताया कि शुक्रवार की रात उनका परिवार घर पर था। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके एक रिश्तेदार के बच्चे की बीमारी के कारण मौत हो गई है। कुछ देर बाद मोतीलाल और उसके परिवार के लोग उनके घर पहुंचे। लखराम के मुताबिक, आरोपी उन्हें और उनकी पत्नी दुलारी देवी को जबरन घर से बाहर खींचकर ले गए और उनके साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान धारदार हथियार से दुलारी देवी पर जानलेवा हमला कर दिया गया।

पोती की आंखों के सामने ली गई जान
मृतका की पोती ने रोते हुए आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी आंखों के सामने उसकी दादी की हत्या की है। पोती के अनुसार, रिश्तेदार पहले से ही दुलारी देवी को ‘डायन’ कहकर प्रताड़ित कर रहे थे और बच्चे की मौत के बाद इस अंधविश्वास के तहत पूरे परिवार को जिम्मेदार ठहराया गया। पंचायत समिति सदस्य विकास तिवारी ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक आदिवासी महिला की बेरहमी से जान ली गई है।

पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के निर्देशन में अवर निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
“मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बासाबूदा गांव में एक आदिवासी महिला की हत्या की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डायन का आरोप लगाकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत लेकर पूछताछ की जा रही है।” — जीतबाहन उरांव,सदर एसडीपीओ

