मैट्रिक-इंटर की पढ़ाई के साथ परीक्षा देना भी हुआ महंगा, जैक ने फिर बढ़ाया शुल्क

0

Last Updated on November 13, 2026 by Gopi Krishna Verma

दो वर्षों में परीक्षा फीस में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी, लगातार दूसरे साल विद्यार्थियों पर बढ़ा आर्थिक बोझ; हर साल करीब 7.50 लाख परीक्षार्थी होते हैं शामिल

JAC News। झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा देने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को इस बार भी आर्थिक झटका लगने वाला है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटर की परीक्षा फीस में एक बार फिर 120 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। लगातार दूसरे साल परीक्षा शुल्क बढ़ाए जाने से पिछले दो वर्षों में अलग-अलग श्रेणियों के विद्यार्थियों की फीस में करीब 40 प्रतिशत तक की वृद्धि हो चुकी है।

इस फैसले का असर राज्य के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों पर पड़ेगा। हर साल करीब 7.50 लाख परीक्षार्थी मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में शामिल होते हैं। ऐसे में फीस में मामूली बढ़ोतरी भी विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन सकती है।

जैक की ओर से जारी शुल्क विवरण के अनुसार, वर्ष 2027 में मैट्रिक की परीक्षा के लिए नियमित छात्राओं को 1100 रुपये और सामान्य एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग की छात्राओं को 1300 रुपये देने होंगे। वहीं, इंटरमीडिएट में नियमित छात्राओं के लिए परीक्षा शुल्क 1220 रुपये तथा सामान्य एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग की छात्राओं के लिए 1520 रुपये निर्धारित किया गया है।

निजी विद्यार्थियों के लिए भी शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। मैट्रिक में निजी छात्राओं को 1300 रुपये और इंटर में 1520 रुपये देने होंगे। विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने पर सभी श्रेणियों के विद्यार्थियों को निर्धारित शुल्क से 500 रुपये अतिरिक्त भुगतान करना होगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में भी जैक ने परीक्षा शुल्क में करीब 30 से 32 प्रतिशत तक की वृद्धि की थी। अब वर्ष 2027 के लिए फिर शुल्क बढ़ाए जाने से अभिभावकों के बीच सवाल उठने लगे हैं कि आखिर लगातार दूसरे साल परीक्षा फीस बढ़ाने की जरूरत क्यों पड़ी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed