Last Updated on September 21, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह/बगोदर। गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित अटका चौक से लगभग 200 मीटर की दूरी पर एक आभूषण व्यवसायी से हथियार के बल पर लूटपाट की घटना सामने आई है। दो बाइकों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश/हेलमेट पहने अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घर के बाहर अपराधियों ने घेरा
पीड़ित व्यवसायी बंटी स्वर्णकार अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। उन्होंने एक बैग बाइक की डिक्की में रखा था और दूसरा झोला हैंडल में टांग रखा था। जैसे ही वे अपने घर पहुंचे और अंदर जाने वाले थे, बगोदर की ओर से आए दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें आगे-पीछे बाइक खड़ी कर घेर लिया। सभी अपराधियों ने हेलमेट पहन रखे थे। व्यवसायी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधियों ने हथियार दिखाकर डिक्की में रखा बैग और हैंडल में टंगा झोला छीन लिया और जीटी रोड के रास्ते गोरहर-बरकट्ठा की तरफ फरार हो गए।


नकदी, सोना और चांदी की लूट
पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, लूटे गए दोनों बैगों में:
- नकदी: लगभग 20 से 30 हजार रुपये
- सोने के आभूषण: 50 से 60 हजार रुपये मूल्य के
- चांदी: लगभग डेढ़ किलोग्राम
घटना के बाद व्यवसायी द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हुए और अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, घटना संदिग्ध
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार राम और बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार अटका गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस टीम आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया छिनतई की यह घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अपने स्तर से गहन जांच कर रही है। व्यवसायी बगोदर थाना में लिखित आवेदन देने की प्रक्रिया में हैं।




